नेशनल हाईवे-19 पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत, 13 घायल

घायलों का हालचाल लेते पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारतीफोटो। घटना में घायल लोग अस्पताल में भर्ती

औरैया, 19 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ चंद्रपुरा निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरलालपुर जा रहे थे। गांव निवासी तिलक सिंह के दामाद साकेत के निधन पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने के लिए सभी लोग एक साथ निकले थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर लालपुर ओवरब्रिज से पहले पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी।

पुलिस आधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे कई लोग नीचे दब गए। हादसे में उर्मिला (45) पत्नी सुघर सिंह तथा रामशंकर (70) पुत्र मेवालाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ मनोज गंगवार, अजीतमल कोतवाली पुलिस, डायल-112, फायर ब्रिगेड तथा टोल प्लाजा अनंतराम की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया।

हादसे में मोहर श्री पत्नी रामकिशोर, उदयवीर पुत्र मोतीलाल, सुघर सिंह पुत्र पंचमलाल, पिंकी देवी पत्नी सुंदरलाल, सूरजमुखी पत्नी होतीलाल, सुषमा देवी पत्नी श्याम सुंदर, श्याम सुंदर पुत्र पंचमलाल, खुशबू पत्नी संतकुमार, मिथिलेश पत्नी रामनरेश, उषा देवी पत्नी तिलक सिंह, मीरा देवी पत्नी रामशंकर, संतकुमार पुत्र तिलक सिंह तथा ट्रैक्टर चालक मोहित सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर