उरला पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में ट्रक और फैक्ट्री में चोरी के 3 आरोपित गिरफ्तार, 17 लाख की संपत्ति बरामद

रायपुर, 25 जून (हि.स.)। उरला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और फैक्ट्री में चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कुल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है, जिसकी कुल कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर की गई।

ट्रक चोरी का मामला: 15 लाख की हाईवा बरामद

थाना उरला में मनीराम यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, उनका हाईवा ट्रक जे ए फ्यूल्स के पास खड़ा था, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। मामले में अपराध दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान उरला निवासी खिलावन पात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने ट्रक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की हाईवा ट्रक बरामद कर ली, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

फैक्ट्री चोरी मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

दूसरे मामले में प्रार्थी पिंटू वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फैक्ट्री में घुसकर प्लांट में रखा पीतल का गन मेटल चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना उरला में अपराध क्रमांक 288/26 के तहत धारा 331 एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर धरसींवा निवासी फिरोज खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी की सामग्री परमानंद बंजारे को बेचने की बात कबूल की।

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले परमानंद बंजारे को भी धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के कब्जे से चोरी गई पूरी सामग्री बरामद कर ली गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है।

उरला पुलिस ने दोनों मामलों में तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपितों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।

   

सम्बंधित खबर