दिनदहाड़े बैग छीनकर फरार हुए बदमाश

पश्चिम बर्दवान, 31 मई (हि. स.)। आसनसोल में दिनदहाड़े हुई छिनतई की एक घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई की पीड़ित परिवार ने सराहना करते हुए पुलिस की तत्परता की प्रशंसा की है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे प्रवीण कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोगिया स्थान मंदिर जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और उनकी पत्नी के हाथ में मौजूद बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद प्रवीण कुमार वर्मा ने तत्काल जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी के बैग में बैंक से निकाले गए एक लाख 21 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। पुलिस ने घटना के महज तीन घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। साथ ही छिनतई किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

पीड़ित ने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही शेष आरोपित को भी गिरफ्तार कर लेगी तथा नकद राशि की भी बरामदगी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से पुलिस ने कार्रवाई की है, उससे उन्हें न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।

प्रवीण कुमार वर्मा ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है। उन्होंने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को धन्यवाद दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर