कर्नाटक के कारवार में खत्म हुआ तीनों सेनाओं का द्विवार्षिक अभ्यास 'एम्फेक्स'
- Admin Admin
- Feb 01, 2025
- एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख ने संयुक्त रूप से की इस अभ्यास की समीक्षा
नई दिल्ली, 01 फरवरी (हि.स.)। तीनों सेनाओं की भागीदारी वाला सबसे बड़ा द्विवार्षिक अभ्यास 'एम्फेक्स' कर्नाटक के कारवार में समाप्त हो गया। इस अभ्यास ने चुनौतीपूर्ण वातावरण में बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाने में तीनों सेनाओं की संयुक्त क्षमताओं और अंतर-संचालन क्षमता को प्रदर्शित किया। इस अभ्यास की समीक्षा थल सेना, नौसेना और वायु सेना के उप प्रमुखों तथा चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष के लिए एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जॉनसन पी मैथ्यू ने संयुक्त रूप से की। इस अभ्यास का पिछला संस्करण जनवरी, 2023 में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में आयोजित किया गया था।
कर्नाटक के कारवार के क्वाडा बे में 12 से 31 जनवरी तक आयोजित अभ्यास के दौरान जमीनी बल की लैंडिंग के बाद उभयचर हमले में लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक आईएनएस जलाश्व, लैंडिंग शिप आईएनएस घड़ियाल और केसरी, लैंडिंग क्राफ्ट, मरीन कमांडो, हेलीकॉप्टर और विमान के नेतृत्व में उभयचर जहाजों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान उभयचर क्षमताओं का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया गया। जटिल उभयचर अभियानों के संपूर्ण स्पेक्ट्रम को निष्पादित करने के लिए तीनों सेनाओं के बीच मौजूद अद्वितीय तालमेल और संयुक्त कौशल को प्रमाणित किया गया।
आईएनएस जलाश्व पर वरिष्ठ अधिकारियों ने 91 इन्फैंट्री ब्रिगेड की जलस्थली लैंडिंग देखी। यह अभ्यास भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो की बंकर-बस्टिंग, कॉम्बैट-फ्री फ़ॉल, लैंडिंग क्राफ्ट मैकेनाइज़्ड और लैंडिंग क्राफ्ट असॉल्ट के सैनिकों और बीएमपी की लैंडिंग के माध्यम से आगे बढ़ा, जिसका समापन एक बीचहेड की स्थापना के साथ हुआ। अभ्यास 'एम्फेक्स' में सुदर्शन चक्र कोर के उभयचर 'बाइसन' और भारतीय नौसेना के जहाजों ने निर्बाध समन्वय, कठोर प्रशिक्षण और एकीकृत मिशन योजना का प्रदर्शन किया।
एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जॉनसन पी मैथ्यू, उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, उप नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल के. स्वामीनाथन, उप वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल एसपी धारकर और इन्फैंट्री के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार अभ्यास के संयुक्त चरण को देखने के लिए पश्चिमी तट से आईएनएस विक्रांत पर सवार हुए। इन वरिष्ठ अधिकारियों की रातभर की समुद्री यात्रा ट्रोपेक्स और एम्फेक्स का हिस्सा थी, जहां भारतीय नौसेना, भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के बीच संयुक्त अभियान संचालित किए गए।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम