डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी की पूर्व छात्रा वसुधा कपूर को न्यूयार्क में किया गया सम्मानित

मंडी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी के लिए बड़े गौरव की बात है कि इस विद्यालय की पूर्व छात्रा वसुधा कपूर को अमेरिका न्यूयार्क में प्रतिष्ठित बान की मून पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने बताया कि वसुधा कपूर को यह पुरस्कार न्यूयार्क में सोशल कैपिटल गाला इवेंट में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार बान की मून पुरस्कार समारोह में पूर्व संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मूनए सोशल कैपिटल इनिटिएटिव्स की अध्यक्ष डॉ. गीता मेहता और अन्य सम्मानित गणमान्य अतिथियों सहित विशिष्ठ अतिथियों के समक्ष प्रदान किया गया।

प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि वसुधा मंडी की रहने वाली है और उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद मेरा गांव, मेरी दुनिया नामक एक एनजीओ की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि मंडी में पली-बढ़ी वसुधा को यात्रा सामाजिक परिवर्तन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक प्रेरक प्रमाण है। वसुधा डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी की एक होनहार छात्रा रही है। डीएवी मंडी में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी इरविन कॉलेज से मास्टर डिग्री में स्वर्ण पदक हासिल करने के उपरांत मध्य प्रदेश में जमीनी स्तर पर लोगों के लिए काम कर रही है। उन्हें यह पुरस्कार मध्यप्रदेश में शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए जमीनी स्तर के नेतृत्व को बढ़ावा देने में उनके संगठन के असाधारण काम के लिए दिया गया।

वसुधा कपूर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता- पिता, गुरुजनों और अपनी टीम सहित उन समुदाय के लोगों को भी दिया जिस समुदाय की हम सेवा करते हैं। उनका कहना है कि ये सब सभी के मिले जुले अथक प्रयासों का परिणाम है। प्रधानाचार्य के एस गुलेरिया ने वसुधा कपूर और उनके माता-पिता को ढेरों बधाइयां दी। उन्होंने वसुधा के कार्यों व इस उपलब्धि से विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

   

सम्बंधित खबर