बलरामपुर : चलित थाना लगाकर पुलिस ने किया कानून के प्रति जागरूक
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। मंगलवार को बलरामपुर पुलिस ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और हाट-बाजारों में चलित थाना लगाकर लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जून से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चलित थाना लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, देश की एकता और अखंडता में उनके योगदान तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस लोगों को साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए भी जागरूक कर रही है। साथ ही आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का प्रयास भी किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अब तक जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान से 3,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। पुलिस ने लोगों से कानून की जानकारी प्राप्त करने और समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

