विदेश जाने की अनुमति के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी उथल-पुथल के बीच विदेश जाने की फिराक में लग गए हैं। विदेश यात्रा की अनुमति लेने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे हैं। उन्होंने मंगलवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ के समक्ष इस संबंध में आवेदन का उल्लेख किया। मामले पर इस सप्ताह के अंत में सुनवाई होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी आंख के इलाज के लिए विदेश जाना चाहते हैं। उन्होंने अदालत से सात दिनों के लिए विदेश यात्रा की अनुमति मांगी है। हालांकि, फिलहाल उनके विदेश जाने पर कोई प्रत्यक्ष रोक नहीं है, लेकिन कई लंबित मामलों में उनका नाम शामिल होने के कारण उन्होंने एहतियातन अदालत से अनुमति लेने का निर्णय किया है।
अदालत ने पूर्व में उनसे संबंधित मामलों की जांच में सहयोग करने को कहा था। इसी वजह से अभिषेक बनर्जी ने विदेश यात्रा के दौरान जांच प्रक्रिया पर किसी तरह का सवाल न उठे, इसके लिए हाई कोर्ट का रुख किया है।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2016 में मुर्शिदाबाद में पार्टी कार्यक्रम से लौटते समय अभिषेक बनर्जी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उस दुर्घटना में उनकी आंख में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने देश के कई अस्पतालों में उपचार कराया और बाद में विदेश में भी इलाज लिया था।
अभिषेक बनर्जी का यह आवेदन ऐसे समय में सामने आया है, जब विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी तेज हो गई है। विधायक और विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ खुला मोर्चा खोल रखा है। सोमवार को बागी गुट ने न्यू टाउन के एक होटल में विशेष बैठक कर नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया, जिसमें ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दोनों को जगह नहीं दी गई।

