मुंबई, 14 जून (हि.स.)। शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ने रविवार को अपने आवास पर पार्टी के सांसदों की बैठक बुलाई थी। इस बीच बैठक में शामिल होने आ रहे सांसद संजय दीना पाटिल की कार की दुर्घटना हो गई। उनके काफिले की कारें आपस में टकरा गईं।
ऑपरेशन टाइगर की हलचलों के बीच उद्धव ठाकरे की बुलाई गई बैठक को अहम माना जा रहा है। बताया जाता है कि पार्टी के 9 सांसदों में से कुछ ऑनलाइन और कुछ ऑफलाइन मौजूद थे। इस बीच बैठक में शामिल होने निकले सांसद संजय दीना पाटिल की कार का विक्रोली हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया। काफिले की कई कारें आपस में टकरा गईं। कुछ कारों को हल्का नुकसान हुआ है। हालांकि संजय पाटिल बैठक में शामिल हुए।
पिछले कुछ समय से चर्चा है कि ठाकरे सेना के 7 सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। वे पार्टी छोड़कर शिंदे सेना में शामिल हो सकते हैं। इसलिए यह बैठक सुर्खियों में रही। पार्टी के प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने कहा कि आज की बैठक में 9 में से 9 सांसद मौजूद थे। 9 में से 4 सांसद इस बैठक में खुद मौजूद थे। जबकि 5 सांसदों ने ऑनलाइन हिस्सा लिया। अरविंद सावंत, अनिल देसाई, संजय दीना पाटिल, राजाभाऊ वाझे बैठक में खुद मौजूद थे। दूसरी ओर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाघचौरे, नागेश पाटिल अष्टीकर, संजय देशमुख और संजय जाधव ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा लिया। जो सांसद बैठक में खुद शामिल नहीं हो सके वे अगले कुछ दिनों में उद्धव ठाकरे से मिलेंगे। हम सब एक हैं।
---------------

