हल्की बारिश के बाद उमस ने किया बेहाल

वाराणसी, 30 मई (हि.स.)। बीती रात हल्की बारिश के बाद शुक्रवार सुबह से ही वाराणसी में उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। कभी तेज धूप, तो कभी बादलों की आवाजाही के बीच चिलचिलाती गर्मी और पसीने से लोग परेशान नजर आए। इस कारण बाजारों और गंगा घाटों पर दोपहर में आम दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही।

शुक्रवार को दोपहर एक बजे अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी (आद्रता) का स्तर 43 प्रतिशत रहा। वहीं, एक दिन पहले गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस था, जिससे वाराणसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।

शाम को हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया। इससे उमस से थोड़ी राहत मिली और बारिश के बीच गंगा घाटों पर फिर से रौनक लौट आई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश भर में बारिश की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, विभाग ने 1 जून से लू चलने की चेतावनी भी जारी की है, जिससे लोगों को फिर से सतर्क रहने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर