नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर रुकेगी अब-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, केंद्र की मंजूरी

चंडीगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने अब-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से नंगल, आनंदपुर साहिब और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा को भेजे गए पत्र के माध्यम से दी। पत्र में रेल मंत्री ने बताया कि नंगल डैम स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहराव की मांग को स्वीकार कर लिया गया है। बुधवार को मीडिया से बातचीत में सुभाष शर्मा ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नंगल और आसपास के लोगों की यह लंबे समय से लंबित मांग थी।

शर्मा ने बताया कि नंगल डैम रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी, श्रद्धालु और पर्यटक यात्रा करते हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस ठहराव का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के रुकने से दिल्ली के लिए तेज, सुविधाजनक और आरामदायक रेल यात्रा संभव होगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

------------------------------------

   

सम्बंधित खबर