अन्नपूर्णा योजना के पैसे न मिलने पर गुस्साए लोगों ने नगरपालिका में किया प्रदर्शन, चेयरमैन पर फेंके अंडे

कूचबिहार, 03 जुलाई (हि. स.)। अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत खाते में पैसे नहीं आने से नाराज लोगों ने शुक्रवार को जिले के मेखलीगंज नगरपालिका में जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों के विरोध का सामना खुद नगरपालिका के चेयरमैन प्रभात पाटनी को करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रदर्शनकारियों ने उनके ऊपर अंडे फेंके।

जानकारी के अनुसार, शहर के एक हिस्से की महिलाएं अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर नगरपालिका पहुंची। वे सीधे चेयरमैन के कक्ष में घुसकर उनसे बातचीत करने लगी। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ अचानक उग्र हो गई और चेयरमैन पर अंडे फेंकने लगी। हालात ऐसे हो गए कि उन्हें कमरे से बाहर निकलने में भी मुश्किल हुई और प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया।

स्थिति बिगड़ते देख मेखलीगंज थाने के ओसी मोहम्मद शाहबाज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया। बाद में भाजपा नेता आशेकर रहमान भी मौके पर पहुंचे और लोगों व चेयरमैन से बातचीत किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने योजना के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उनके खातों में पैसा नहीं आया है। उनका आरोप है कि नगरपालिका स्तर पर डेटा एंट्री नहीं होने के कारण समस्या पैदा हुई है।

प्रदर्शनकारी दीपक बर्मन ने बताया कि लाभार्थियों का डेटा अपडेट नहीं हुआ है। चेयरमैन ने सोमवार तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है, अन्यथा मंगलवार को फिर से आंदोलन किया जाएगा।

दूसरी ओर चेयरमैन प्रभात पाटनी ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के भुगतान से नगरपालिका का सीधा संबंध नहीं है। इस घटना के पीछे कुछ लोगों की साजिश हो सकती है।

वहीं, भाजपा नेता आशेकर रहमान ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि समय मिलने के बावजूद आवश्यक सत्यापन और डेटा एंट्री का काम पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण आम लोगों में आक्रोश है।

   

सम्बंधित खबर