तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से दस वर्षीय बच्चे की मौत, ग्रामीणों ने एनएच-27 किया जाम
- DSS Admin
- May 18, 2026
अररिया 18 मई(हि.स.)। जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठिया स्थित नेशनल हाईवे-27 पर सोमवार को सड़क हादसे में दस वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-27 को दोनों ओर से जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों का लंबा काफिला लग गया।मृतक की पहचान वार्ड संख्या 6 निवासी मो. हसाबुल के 10 वर्षीय पुत्र सोहेल के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सोहेल सड़क किनारे खड़ा होकर अपने घर जाने के लिए सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-27 को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पोठिया एनएच-27 के समीप लगातार भारी वाहन गलत दिशा में चलाए जा रहे हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी स्थान से लगभग सौ मीटर की दूरी पर गलत दिशा से आ रही गाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में जाने वाली गाड़ियां नियमों की अनदेखी करते हुए लगातार गलत लेन में परिचालन कर रही हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

