गुवाहाटी, 07 जुलाई (हि.स.)। असम में घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। वर्ष 2021 से लेकर अब तक घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की कुल संख्या 3,56,92,384 दर्ज हुई है।
असम विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज भाजपा विधायक भूपेन राय द्वारा राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या को लेकर पूछे गये लिखित सवाल का लिखित उत्तर देते हुए राज्य की पर्यटन विभाग की मंत्री अजंता नेओग ने वर्ष 2021 से अब तक असम में आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की कुल संख्या वर्षवार आंकड़ा दिया है। इसके अलावा, 2021 से अब तक असम के विभिन्न राष्ट्रीय उद्यानों, अभयारण्यों और कुछ मुख्य पर्यटन स्थलों में आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या का भी ब्यौरा दिया है।
असम पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 2021-22 में 17,01,701 घरेलू, 1,231 विदेशी; 2022-23 में 98,12,195 घरेलू, 18,946 विदेशी; 2023-24 में 70,41,206 घरेलू, 26,129 विदेशी; 2024-25 में 84,88,842 घरेलू, 27,563 विदेशी और 2025-26 में 85,27,556 घरेलू, 47,015 विदेशी पर्यटक असम पहुंचे। ऐसे में राज्य में गत पांच वर्षों में आने वाले कुल पर्यटकों की संख्या 3,56,92,384 दर्ज हुई है।
उन्होंने बताया है कि असम सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा घरेलू और विदेशी पर्यटकों से एकत्रित होने वाले राजस्व का डेटा संग्रहित नहीं किया जाता है, हालांकि विभिन्न मुख्य पर्यटन स्थलों के संबंधित प्राधिकरण राजस्व का डेटा संग्रह करते हैं।
मंत्री नेओग ने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए असम पर्यटन विकास निगम के तहत विभिन्न प्रकार की योजनाएं लागू की गई हैं, जिसमें भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, उत्तर-पूर्व परिषद और असम सरकार द्वारा आवंटित धन से प्रसाद, स्वदेश दर्शन, उत्तरण आदि योजनाओं के माध्यम से विभिन्न पर्यटन स्थलों में आधारभूत ढांचा का निर्माण किया गया है।
ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में शिक्षित निवासियों को स्वरोजगार का अवसर प्रदान करने हेतु ग्रामीण गेस्टहाउस का निर्माण किया गया। असम में चाय पर्यटन के क्षेत्रीय नेटवर्क का विकास और प्रचार-प्रसार योजना के अंतर्गत ऐतिहासिक चाय बागानों में चाय पर्यटन परियोजनाएं स्थापित की गई। प्रचार-प्रसार और ब्रांड योजना के अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित पर्यटन मेलों में हिस्सा लेकर पर्यटन का प्रचार आदि किया गया।
मंत्री ने बताया है कि उपरोक्त सभी योजनाएं अब तक सफल रही हैं। राज्य के पर्यटन व्यवसाय के विस्तार के लिए वर्तमान 'ब्रांड एम्बेसडर' की नियुक्ति की कोई योजना अभी तक नहीं बनाई गई है।
---------------

