मातृभूमि के वीर सपूत कैप्टन जिंटू गोगोई को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
गुवाहाटी, 30 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शहीद दिवस के अवसर पर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक कैप्टन जिंटू गोगोई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि देश की सुरक्षा और मातृभूमि के गौरव की रक्षा के लिए कैप्टन जिंटू गोगोई का सर्वोच्च बलिदान अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि असम और भारत माता के इस पराक्रमी वीर सपूत का त्याग सदैव असमवासियों तथा पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने शहीद दिवस पर कैप्टन जिंटू गोगोई को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि जिंटू गोगोई (21 नवंबर, 1970 को जन्म, 30 जून, 1999 को निधन), भारतीय सेना की 17वीं गढ़वाल राइफल्स के एक अधिकारी थे। उन्हें 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन में लड़ाई में दिखाए गए साहस और बहादुरी के लिए मरणोपरांत 'वीर चक्र' से सम्मानित किया गया, जो युद्ध के समय दिया जाने वाला भारत का तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है।
----------

