कामरूप में सीआरपीएफ जवान के घर सशस्त्र डकैती, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कामरूप (असम), 17 मई, (हि.स.)। कामरूप जिला के आठारा कामारटोला गांव में एक सनसनीखेज हथियारबंद डकैती की घटना सामने आई है। पांच सदस्यीय सशस्त्र डकैत गिरोह ने सीआरपीएफ जवान कनिष्क डेका के घर में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया। घटना 14 मई की देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जवान कनिष्क डेका उस समय ड्यूटी के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। इसी का फायदा उठाकर डकैतों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाश लगभग 40 मिनट तक घर के भीतर रहे और एक-एक कमरे की तलाशी लेकर कीमती सामान समेटते रहे।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में नकाबपोश डकैत हथियारों के साथ घर में घूमते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।

घटना के दौरान जवान की पत्नी ने सूझबूझ का परिचय दिया। संदिग्ध हलचल महसूस होने पर वह अपने बीमार ससुर के पास से चुपचाप बाथरूम में छिप गईं और वहीं से रिश्तेदारों को फोन कर मदद मांगने की कोशिश की। पहले उन्होंने अपने भाई को फोन किया, लेकिन फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका। बाद में उन्होंने अपनी बहन को घटना की जानकारी दी।

परिजनों और स्थानीय लोगों को जब घटना का पता चला तो वे तुरंत घर की ओर पहुंचे। बाहर लोगों की आवाजाही और शोर सुनकर डकैत पिछले दरवाजे से नकदी और गहनों के साथ फरार हो गए।

डकैतों के भागने के बाद परिवार के सदस्य बाहर निकले और उन्हें चोरी व नुकसान की पूरी जानकारी मिली। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार डकैतों की तलाश जारी है।

------------

   

सम्बंधित खबर