गुवाहाटी, 15 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) द्वारा 15 मई से 5 जून तक अपने सभी मंडलों और इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रमों और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों की एक श्रृंखला के माध्यम से विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष के आयोजन का विषय जलवायु परिवर्तन रखा गया है, जो पर्यावरण संरक्षण, सुदृढ़ पद्धतियों और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इस ग्रह की रक्षा करने की सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित करेगा।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य रेल कर्मचारियों, यात्रियों और आम जनता के बीच पर्यावरणीय स्थिरता, स्वच्छता और संरक्षण जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस अवधि के दौरान पूरे एनएफआर नेटवर्क में पौधारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां, सेमिनार और पर्यावरण-अनुकूल पहलों सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण और रेलवे परिचालन में हरित कार्यों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की उम्मीद की जाती है।
कार्यक्रमों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने के लिए स्टेशनों, रेल कॉलोनियों, कार्यालयों, कारखानों और अन्य रेल परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाए जाएंगे। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने निरंतर विभिन्न पर्यावरण - अनुकूल उपाय किए हैं और पूर्वोत्तर क्षेत्र में सतत तथा पर्यावरण - अनुकूल रेलवे संचालन के प्रति प्रतिबद्ध है।
यह आयोजन 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूसीरे के सभी मंडलों में विशेष कार्यक्रमों, जागरूकता गतिविधियों और पर्यावरण शपथ ग्रहण के साथ संपन्न होगा।----------------

