कामरूप (असम), 18 मई, (हि.स.)। कामरूप जिला के सुवालकुची इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ताजा मामला सुवालकुची के हाटीसत्र क्षेत्र का है, जहां चोरों ने निर्मला दास नामक महिला के घर को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, चोर घर में घुसकर अलमारी तोड़ ले गए और वहां रखे करीब 30 लाख से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरों का गिरोह सक्रिय है, लेकिन पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं बचा है और चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इस बड़ी चोरी की घटना ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------

