भाजपा के कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : सतीश चंद्र दुबे
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
सीवान, 04 जुलाई (हि.स.)। मैरवा प्रखंड मुख्यालय के मंगलम मैरेज हॉल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती, केंद्र और बिहार सरकार की उपलब्धियों तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पथ के अवसर पर आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भारतीय जनता पार्टी, सीवान के तत्वावधान में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री सतीशचंद्र दुबे ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान के विरोध में उनका संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। आज प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह उनके विचारों और राष्ट्रहित के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व मंत्री सह सीवान विधायक मंगल पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार के 11 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। वहीं बिहार की एनडीए सरकार भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र गुप्ता ने किया।
सम्मेलन में दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, नंद प्रसाद चौहान, मुकेश सिंह कुशवाहा, अभिमन्यु कुमार सिंह, संजय पांडेय, राजीव कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, शंभू प्रसाद गुप्ता, अजय पासवान, सुमंत बरनवाल, मनोज जायसवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिले के विभिन्न मंडलों से पहुंचे हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

