उड़ीसा से घर लौट रहे कारपेंटर का शव देवरिया में रेलवे ट्रैक पर मिला, जांच में जुटी जीआरपी
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
देवरिया, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को प्लेटफार्म नंबर एक के ट्रैक पर उड़ीसा में कारपेंटर का काम करने वाले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। सूचना पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी थानेदार अभिषेक पांडे ने बताया कि रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शेषनाथ साहनी (36) पुत्र रघुनाथ निवासी जंगल रामलखना टोला, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पहचान के आधार पर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई।
परिजनों के अनुसार, उनका मृतक बेटा उड़ीसा के परलाखेमुंडी क्षेत्र में कारपेंटर का कार्य करता था और घर लौट रहा था। जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जीआरपी थानेदार ने बताया कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-----------

