बर्नपुर में गिरफ्तार तृणमूल नेता को जांच के लिए घटनास्थलों पर ले गई पुलिस

पश्चिम बर्दवान, 23 जून (हि. स.)। जिले के बर्नपुर इलाके में मंगलवार सुबह पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बन गया, जब गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता सैयद इकबाल को जांच के सिलसिले में विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया। इस दौरान उनकी कमर में रस्सी बंधी होने की तस्वीरों और घटनाक्रम को लेकर इलाके में लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत हीरापुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के आरोप में सैयद इकबाल को गिरफ्तार किया था। आरोपित को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

बताया गया कि 20 जून को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित को घटनास्थलों पर ले जाकर साक्ष्य जुटाने और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

मंगलवार सुबह पुलिस टीम आरोपित को बर्नपुर के सुभाष पल्ली से रहमत नगर मोड़ तक लेकर गई। इस दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना चर्चा का विषय बन गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा थी और मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर