बारुईपुर नाबालिग हत्याकांड : 6 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित, एक और आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
कोलकाता, 06 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 6 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है। बारुईपुर थाना पुलिस भी जांच में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन इस पहलू की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। नाबालिग का पोस्टमार्टम रविवार रात को किया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम से लापता 11 वर्षीय छठी कक्षा की छात्रा का शव रविवार सुबह उसके घर के पास एक तालाब से बोरे में बंद अवस्था में बरामद हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसी दौरान घटना में संलिप्त होने के संदेह में स्थानीय युवक इंद्रजीत तांती (26) की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि उसका इस अपराध से कोई संबंध था या नहीं। हालात को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम और समाचार माध्यमों के प्रतिनिधियों पर भी हमला किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
स्थिति तब शांत हुई जब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृत बच्ची के पिता से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासी प्रभास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसे अंतिम बार मृत छात्रा के साथ देखा गया था और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शनिवार शाम छात्रा को एक ऑटो में बैठाकर ले जाया गया था। इसी कड़ी में अन्य संदिग्धों की तलाश में रातभर अभियान चलाया गया। पुलिस ने आरोपितों को शरण देने के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों और गिरफ्तार आरोपितों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सोमवार को गिरफ्तार दोनों आरोपितों को बारुईपुर अदालत में पेश करेगी और उनसे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग कर सकती है। मामले की जांच जारी है।

