बेलूड़ के बहुमंजिली भवन में भीषण आग, दो घंटे बाद पाया गया नियंत्रण

हावड़ा, 08 जुलाई (हि. स.)। जिले के बेलूड़ थाना क्षेत्र स्थित वोटबागान के काशी मंडल लेन में बुधवार सुबह एक तीन मंजिला भवन में भयावह आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी वाले इलाके में लगी आग से चारों ओर धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय का वातावरण बन गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नौ नंबर काशी मंडल लेन स्थित भवन के स्वामी शेख कलीमुद्दीन हैं। भवन की दूसरी मंजिल के एक कमरे में अचानक आग लग गई। कमरे में फर्नीचर के साथ बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना पाकर बेलूड़ थाना पुलिस तथा दमकल विभाग के दो वाहन मौके पर पहुंचे। संकरी गलियों के कारण प्रारंभ में आग बुझाने में कठिनाई हुई, लेकिन दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका व्यक्त की गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच आरंभ कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि दमकल विभाग की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर