बिश्नाह पुलिस ने 32 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित दो तस्करों को किया गिरफ्तार
- Bhavana Jamwal Jamwal
- Jul 13, 2026
जम्मू,, 13 जुलाई: नशा तस्करी और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना बिश्नाह क्षेत्र में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 32 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को थाना बिश्नाह की पुलिस टीम अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित नाका चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है: अनीश कुमार, पुत्र सुरिंदर शर्मा, निवासी देओली ,दलजीत सिंह, पुत्र निशान सिंह, निवासी माखनपुर, बिश्नाह ,तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से लगभग 32 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। आरोपियों से बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस संबंध में थाना बिश्नाह में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर सील कर दिया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो इसकी सूचना निकटतम पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

