रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा-भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे जाना चाहिए
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए कहा कि देश के कानून से बढ़कर कोई नहीं है। कानून अपना काम कर रहा है।
गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि आज लगातार तीसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से जो कठिन सवाल पूछे जा रहे हैं, उसका जवाब उन्हें देना पड़ रहा है। आपको जानकर हैरत होगी कि एक ऐसा भ्रष्टाचारी नकली गांधी परिवार इस देश में है, जो हर कानून को तोड़ता है। क्योंकि उनको जनता की चिंता नहीं, बल्कि अपने दामाद की चिंता है। एक ईमानदार सरकार की ताकत क्या होती है, ये भारत में अब जनता को पता चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भ्रष्टाचार को खत्म करने के संकल्प को पूरा किया जा रहा है। भ्रष्टाचार को समाप्त कर देंगे, भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे डालेंगे, किसानों से हड़पी गई जमीन को वापस लेकर किसानों को देंगे। जनता की गाढ़ी कमाई अगर नकली गांधी परिवार ने अपनी तिजोरी में डाली है, उसकी एक-एक पाई वसूली जाएगी।
उन्होंने कहा कि नकली गांधी परिवार खानदानी भ्रष्ट और खानदानी चोर है। क्योंकि जीजा जी जमीन घोटाले में भूमाफिया बनकर किसानों की जमीन हड़पते हैं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम नेशनल हेराल्ड घोटाले में आ रहा है, सोनिया गांधी का नाम चॉपर घोटाले और नेशनल हेराल्ड घोटाले में आ रहा है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हिंसा को लेकर गौरव भाटिया ने कहा कि ममता बनर्जी आज दंगो और गुंडों का पर्याय बन चुकी हैं। उन्होंने संविधान की रक्षा और संविधान का पालन करने की शपथ ली थी। जब एक कानून संसद में पारित होकर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद देश का कानून बन गया, तो एक मुख्यमंत्री कैसे कह सकता है कि मैं इस कानून को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं करूंगी। ये संविधान का उल्लंघन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी