सिलीगुड़ी, 15 जून (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नंदन दास के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के मादारीपुर जिले का निवासी है। घटना दार्जिलिंग जिले के खोरीबाड़ी क्षेत्र स्थित पानीटंकी सीमा चौकी की है।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अनुसार, आरोपित रविवार को नेपाल से भारत में घुसने का प्रयास कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास मौजूद दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। तलाशी में उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक्सपायर वीज़ा, एक मोबाइल फोन और बांग्लादेशी सिम कार्ड बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह इस साल फरवरी में दलाल के माध्यम से काम के सिलसिले में सर्बिया जाने के उद्देश्य से बांग्लादेश से नेपाल पहुंचा था। लेकिन दलाल से संपर्क टूटने के बाद वह नेपाल में ही रह गया और बाद में अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश करने लगा।
एसएसबी ने आरोपित को आगे की कार्रवाई के लिए सोमवार को खोरीबाड़ी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने एसएसबी की शिकायत के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को सोमवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।

