रिषड़ा में नाले में गिरी गाय का रेस्क्यू, स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड ने बचाई जान

हुगली, 06 जून (हि.स.)। हुगली जिले के रिषड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 स्थित रिषड़ा रेलवे स्टेशन के समीप आरबीसी रोड इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नाले के ऊपर बने टूटे हुए स्लैब में एक गाय गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद मनोज सिंह, भारतीय जनता युवा मोर्चा के श्रीरामपुर मंडल-4 के अध्यक्ष संतोष मंडल समेत कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया। बताया गया कि हाल ही में इसी स्थान पर एक अन्य गाय भी टूटे हुए स्लैब के कारण नाले में गिर गई थी, जिसे रात करीब 12 बजे फायर ब्रिगेड की मदद से रेस्क्यू किया गया था।

इस मामले में स्थानीय पार्षद मनोज सिंह ने कहा कि कुछ लोग दूध निकालने के बाद गायों को सड़क पर खुला छोड़ देते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है और इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल गौ माता की जान बचा ली गई है और टूटे हुए स्लैब की जगह नया स्लैब लगा दिया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

---------------

   

सम्बंधित खबर