डोडा में बोलेरो पलटी चालक की मौत पांच यात्री घायल

 

डोडा, 19 सितंबर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के मरमट क्षेत्र में शनिवार को एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार पांच यात्री घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, पंजीकरण संख्या JK06-6479 वाला बोलेरो वाहन मरमट क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और बचावकर्मियों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गुलजार अहमद निवासी कल्होता के रूप में हुई है। वहीं, घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल डोडा पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान अश्विन सिंह, पवन कुमार, पिंकू कुमार, कल्याण सिंह और बलबीर सिंह के रूप में की गई है। अस्पताल में सभी का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस वाहन की स्थिति और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

   

सम्बंधित खबर