राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर डीएलएसए जम्मू की बैठक

जम्मू। स्टेट समाचार
तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत-2026 में मामलों के समयबद्ध निपटारे और एनजेडीजी पोर्टल पर निपटारा संबंधी आंकड़ों के समय पर अपडेट को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) जम्मू के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए जम्मू की चेयरपर्सन सोनिया गुप्ता ने की। बैठक में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव डीएलएसए जम्मू मलीका शर्मा सहित राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए गठित विभिन्न बेंचों के पीठासीन अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। न्यायिक अधिकारियों को लोक अदालत के लिए चिन्हित मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी निपटारा सुनिश्चित करने तथा अधिकतम मामलों में आपसी समझौते के प्रयास करने के निर्देश दिए गए। चेयरपर्सन ने एनजेडीजी पोर्टल पर निपटाए गए मामलों के आंकड़ों को बिना देरी और पूरी सटीकता के साथ अपडेट करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों से पात्र मामलों की अधिकतम पहचान करने, प्रभावी समझौता प्रयास करने और लोक अदालत को परिणामोन्मुख बनाने के लिए सक्रिय रुख अपनाने को कहा गया। बैठक में मामलों की पहचान, आपसी समन्वय और निपटारे के आंकड़ों की समय पर रिपोर्टिंग से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

   

सम्बंधित खबर