सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े की खबर भ्रामक, सीसीटीवी जांच में नहीं मिला कोई साक्ष्य : एसपी
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
सीवान, 18 जून (हि.स.)। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान संघमित्रा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक कर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों को नकल के पुर्जे उपलब्ध कराने संबंधी कुछ कथित न्यूज चैनलों में प्रसारित खबरों का पुलिस प्रशासन ने खंडन किया है।
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही उनके नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम तत्काल परीक्षा केंद्र पहुंची। वहां अभ्यर्थियों से बातचीत की गई तथा केंद्राधीक्षक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट से पूरे मामले की जानकारी ली गई।
एसपी ने बताया कि केंद्राधीक्षक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने उक्त समाचार को पूरी तरह भ्रामक, निराधार एवं तथ्यहीन बताया। इसके बाद परीक्षा समाप्ति के उपरांत पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष एवं तकनीकी शाखा प्रभारी की संयुक्त टीम गठित कर परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया, जिससे यह साबित हो सके कि बायोमेट्रिक कर्मियों द्वारा किसी परीक्षार्थी को नकल सामग्री उपलब्ध कराई गई हो। जांच में आरोप पूरी तरह असत्य पाए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि कुछ कथित न्यूज चैनलों द्वारा प्रसारित खबरें पूर्णतः निराधार, भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट एवं भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें तथा किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें।
---------------

