बंगाईगांव रिफाइनरी का स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता एवं श्रमदान का आयोजन
- DSS Admin
- Jul 02, 2026

बंगाईगांव (असम), 02 जुलाई (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के स्वच्छता पखवाड़ा की थीम स्वच्छता हर किसी की ज़िम्मेदारी है के अनुरूप कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत आज कुकुरमारी दैनिक बाजार, उजानपारा, डोलाइगांव, न्यू बंगाईगांव टूनियापार दैनिक बाज़ार तथा सतीपुर तिनाली में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता के महत्व, कचरे के उचित निस्तारण तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग से बचने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन, पर्यावरण-अनुकूल बांस से निर्मित डस्टबिन तथा स्वच्छ हाथों की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साबुन का वितरण किया गया। इन सामग्रियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ ग्रहण करते हुए अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके उपरांत बंगाईगांव रिफाइनरी के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों ने सामूहिक श्रमदान कर बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई की तथा स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

