सांकराइल की तृणमूल विधायक प्रिया पॉल के खिलाफ पुलिस शिकायत, चुनावी हलफनामे में संपत्ति छिपाने का आरोप

हावड़ा, 29 जून (हि. स.)। हावड़ा जिले के सांकराइल थाना क्षेत्र में सांकराइल विधानसभा क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस विधायक प्रिया पॉल के खिलाफ एक पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान दायर किए गए चुनावी हलफनामे में उनके परिवार के नाम पर दर्ज कुछ संपत्तियों का उल्लेख नहीं किया गया।

यह शिकायत स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता संजीत जना द्वारा दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2021 में पहली बार विधायक बनने के बाद प्रिया पॉल और उनके परिवार की संपत्ति में तेज़ी से वृद्धि हुई और राजनीतिक तथा प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल कर बड़ी मात्रा में चल और अचल संपत्ति अर्जित की गई।

शिकायत के अनुसार, विधायक द्वारा अपने पति अमित पॉल और बेटी के नाम पर दर्ज कथित संपत्तियों और परिसंपत्तियों का पूरा विवरण हालिया चुनावी हलफनामे में नहीं दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में परिवार की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जबकि विधायक और उनके परिवार की आर्थिक पृष्ठभूमि पहले अपेक्षाकृत साधारण थी।

भाजपा कार्यकर्ता संजीत जना ने दावा किया कि उन्होंने इसी आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में प्रिया पॉल ने सांकराइल सीट से दोबारा जीत हासिल की और भाजपा उम्मीदवार बरनाली धाली को 16 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक विधायक प्रिया पॉल, उनके परिवार या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर