कांग्रेस ने नकटी में आशियाना उजाड़े जाने के विराेध में मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
जगदलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान में व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में आज राज्य के ग्राम नकटी के 85 परिवारों के आशियानों को इस भीषण वर्षाकाल में उजाड़े जाने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया ।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के द्वारा बारिश और वर्षाकाल के इस मौसम में 85 गरीब परिवारों के घरों को तोड़ना और उन्हें सिर छुपाने की जगह से महरूम कर बेघर कर देना भाजपा सरकार की दूषित, अमानवीय और तुच्छ राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जो सरकार जनता को आशियाना नहीं दे सकती, उसे दूसरों का आशियाना उजाड़ने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।श्री मौर्य ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इन पीड़ित ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि भाजपा सरकार तत्काल प्रभाव से ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करे। यदि पीड़ितों को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और उग्र करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दाैरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व सभापति कविता साहू,कोमल सेना,ग्रामीण अध्यक्ष महिला कांग्रेस चंपा ठाकुर, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी,जाहिद हुसैन,अल्ताफ उल्ला खान, अमरनाथ सिंह,सुषमा सुता,अनुराग महतो,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा,व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा सहित शहर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

