दादा साहब फाल्के स्टूडियो से छात्रों को मिल रहा आधुनिक मीडिया प्रशिक्षण : डॉ. दिवाकर अवस्थी

कानपुर, 12 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का दादा साहब फाल्के स्टूडियो छात्रों को आधुनिक मीडिया तकनीकों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिससे उन्हें भविष्य में मीडिया और संचार के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल रहे हैं। स्टूडियो में वीडियो रिकॉर्डिंग, एंकरिंग, पॉडकास्ट निर्माण, वीडियो संपादन और पीसीआर संचालन जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने में भी यह स्टूडियो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यह बातें मंगलवार को पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कही। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में स्थापित दादा साहब फाल्के स्टूडियो छात्रों के लिए आधुनिक मीडिया तकनीकों को सीखने का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टूडियो छात्रों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ टीवी समाचार चैनलों की कार्यप्रणाली से भी परिचित करा रहा है। यहां ग्रीन स्क्रीन क्रोमा, टेलीप्रॉम्प्टर, डिजिटल कैमरे, ऑडियो कंसोल तथा प्री प्रोडक्शन, प्रोडक्शन और पोस्ट प्रोडक्शन की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

डॉ. दिवाकर अवस्थी के अनुसार स्टूडियो का उद्देश्य विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की व्यावहारिक जानकारी देना है, ताकि वे भविष्य में मीडिया और संचार के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। यहां वीडियो रिकॉर्डिंग, एंकरिंग, पॉडकास्ट निर्माण, वीडियो संपादन और पीसीआर संचालन का प्रशिक्षण दिया जाता है।

स्टूडियो इंचार्ज डॉ. ओमशंकर गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षक अपने व्याख्यान रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया और ज्ञान संचय पोर्टल पर अपलोड करते हैं, ताकि छात्र कक्षा शिक्षण के साथ ऑनलाइन अध्ययन का लाभ भी ले सकें। छात्रों को स्क्रिप्ट लेखन से लेकर शूटिंग, संपादन और अंतिम प्रस्तुति तक की पूरी प्रक्रिया सिखाई जाती है। विभाग द्वारा समय-समय पर कार्यशालाओं और विशेषज्ञ व्याख्यानों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को मीडिया क्षेत्र के अनुभवी पेशेवरों से सीखने का अवसर मिलता है।

   

सम्बंधित खबर