अनूपपुर: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पटलने के मामले में चालक पर प्रकरण दर्ज
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
अनूपपुर।, 07 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कटरा उषाढ़ गांव से दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही स्कॉर्पियो आमाडाड़ ओसीएम के पास अनियंत्रित होकर पलटने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद वाहन चालक के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक ने बताया कि छग के मनेन्द्र गढ़ से प्राप्त डायरी के बाद आज वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ज्ञात हो कि 22-23 मई की रात पुराना डोला एवं आसपास के गांवों की महिलाएं स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी-65-बीबी-0776 से कटरा उषाढ़ (छत्तीसगढ़) दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रात में वापस लौट रहे थे। चालक अजय पाव उर्फ पटवारी वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। यात्रियों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद उसने गति कम नहीं की। रात लगभग 12.20 बजे आमाडाड़ ओसीएम के सामने वाहन सड़क से उतरकर पलट गया। दुर्घटना में फुलवारी टोला निवासी 35 वर्षीय माया पाव के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें अन्य घायलों के साथ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में चमेली बाई पाव, दूअसिया यादव, केमली बाई पाव, उषा पाव, गुलबिया बाई गोड़, गुजरतिया बाई पाव, हेमवती पाव, चमेली बाई, उर्मिला पाव, जगोतिया बाई तथा मानवती पाव घायल हुए थे ,चालक अजय पाव भी घायल था। मर्ग जांच एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों के आधार पर पुलिस ने पाया कि दुर्घटना चालक की तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई। इसके बाद आरोपी चालक अजय पाव उर्फ पटवारी के विरुद्ध धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

