चारधाम यात्रा-2025 : यात्रा मार्ग 15 सुपर जोन और 137 सेक्टरों में विभाजित
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

देहरादून, 4 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल से होने जा रहा है। इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप और यातायात के पुलिस महानिरीक्षक नारायण सिंह नपलच्याल ने संयुक्त रूप से यात्रा संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने मीडिया को बताया कि चारधाम यात्रा को पहली बार 15 सुपर जोन, 41 जोन और 137 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। चारधाम यात्रा के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। वे यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन और आपदा से निपटने की तैयारियों की सीधी निगरानी व समन्वय करेंगे। पुलिस के गढ़वाल रेंज कार्यालय में चारधाम यात्रा कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसके प्रभारी एसपी ट्रैफिक देहरादून लोकजीत सिंह होंगे। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम अगले पांच दिनों में सक्रिय हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यालय स्तर पर चारधाम सेल गठित की जाएगी। यात्रा मार्गों का सेक्टरवार विभाजन किया गया है। इसके साथ ही यातायात व पार्किंग प्रबंधन की रणनीति तैयार की गई है, जिसके तहत पुलिस महानिरीक्षक, निदेशक यातायात ने स्वयं टीम के साथ यात्रा मार्गों को स्थलीय निरीक्षण प्रारंभ कर दिया है और यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया गया है। नए एक्सप्रेसवे के शुभारंभ को देखते हुए यमुनोत्री मार्ग पर अतिरिक्त हॉल्टिंग क्षेत्रों और पार्किंग की व्यवस्था प्रशासन के साथ समन्वय से की जा रही है।
ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप की तर्ज पर यमुनोत्री-गंगोत्री धामों के लिए विकासनगर क्षेत्र में एसपी विकासनगर के पर्यवेक्षण में यात्रियों एवं वाहनों का प्रबंधन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की तुलना में इस वर्ष अधिक संख्या में पुलिस बल, एसडीआरएफ, होमगार्ड्स, पीआरडी और पीएसी को तैनात किया जा रहा है। कुमाऊं रेंज से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जाएगा। नियुक्त किए जा रहे बलों को यात्रा से जुड़ी समस्त प्रकिया की जानकारी हेतु यात्रा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal