छतर सिंह ने संभाला हिमाचल युवा कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार
- Admin Admin
- Feb 07, 2025
![](/Content/PostImages/a5fd296226fc593cfe2017dc4b2b28f3_1091551420.jpg)
शिमला, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छतर सिंह ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस संगठन का मजबूत स्तंभ है और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि मैं खुद छात्र राजनीति से निकलकर मुख्यमंत्री बना हूं। विक्रमादित्य सिंह को भी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष होने के कारण ही टिकट मिला था।
उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल सरकार युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दे रही है और अगले एक साल में 25,000 सरकारी नौकरियां भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान कैबिनेट में चार मंत्री ऐसे हैं जो युवा कांग्रेस की राजनीति से निकले हैं और एक दर्जन विधायक भी युवा कांग्रेस के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।
प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस से सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि संगठन को आगे बढ़ाने में युवा कांग्रेस की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छतर सिंह ठाकुर और उनकी टीम कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूत करेगी।
प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह सरकार के दो साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का काम करें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा और इसके लिए पार्टी हाईकमान के साथ लगातार चर्चा चल रही है।
छतर सिंह ठाकुर बोले- सबको साथ लेकर करेंगे काम
युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर काम करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संकल्प लेते हुए कहा कि युवा कांग्रेस सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का संदेश दिया और कहा कि वह संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा