प्रदेशभर में चला वृहद स्वच्छता अभियान, सर्वसमाज ने की भागीदारी
- Admin Admin
- Apr 13, 2025

लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रविवार को पूरे प्रदेश में वृहद स्वच्छता अभियान चला। इस दौरान पार्कों, स्मारकों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत सभी महापुरुषों व राष्ट्रनायकों की प्रतिमा की साफ-सफाई हुई। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में यह अभियान चला, जिसमें सीएम के आह्वान पर सर्वसमाज ने योगदान दिया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, आमजन सहित सर्वसमाज की भी भागीदारी रही।
ग्राम पंचायतों और वार्डों में चला स्वच्छता अभियानवाराणसी के 694ग्राम पंचायत में रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पर्यवेक्षण में वाराणसी के लगभग सभी 100 वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया। कचहरी चौराहा, ढेलवरिया, दुर्गाकुंड और रामनगर स्थित अम्बेडकर पार्क और प्रतिमा की सफाई की गई।
वाल्मीकि वाटिका में भी चला स्वच्छता अभियान जौनपुर के खुटहन विकासखंड में ग्राम पंचायत मुहम्मदपुर में भी साफ-सफाई की गई। अलीगढ़ के वार्ड नंबर-33 में अंबेडकर पंचायत घर में सफाई व कार्यकर्ताओं ने सफाई व चूना छिड़काव किया। अंबेडकर पार्क प्रतापगढ़ में वाल्मीकि वाटिका एवं अंबेडकर जी प्रतिमा पर रंगाई पुताई एवं सफाई की गई। शाहजहांपुर नगर निगम द्वारा अंबेडकर पार्क पुराना आवास विकास कॉलोनी और घंटाघर में साफ-सफाई की गई।
प्रयागराज मंडल में भी महापुरुषों की प्रतिमा की हुई सफाई
प्रयागराज मंडल के सभी चार जनपदों में रविवार को स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रयागराज शहर में सात स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित हुए। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता के मुताबिक नगर निगम में भाजपा के सभी 56 सभासदों ने अपने-अपने वार्ड में सफाई अभियान चलाने के लिए भी संपर्क अभियान चलाया गया। फतेहपुर जनपद में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर कुल 53 स्थानों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। प्रतापगढ़ में भी कुल 18 स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम चलाया हुआ। इन सभी स्थानों पर 14 अप्रैल से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रामनगरी अयोध्या की मलिन बस्तियों में चला अभियान
रविवार को रामनगरी में भी रविवार को स्वच्छता अभियान चला। यह अभियान अंबेडकर जयंती के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। अयोध्या के मलिन बस्तियों, अंबेडकर पार्क,अंबेडकर कॉलोनी,अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में लगीं अंबेडकर मूर्तियों पर साफ- सफाई अभियान चला। जलवानपुरा में निर्माणाधीन डॉ. अम्बेडकर पार्क की सफाई हुई। राम मंदिर के आसपास, हनुमानगढ़ी, सिविल लाइन्स सहित प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने स्वयं पूरा बाजार स्थित बैसिंह गोशाला पहुंचकर अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई।
देवरिया में रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक स्थल की हुई साफ-सफाई देवरिया में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के पूर्व रविवार को जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी की उपस्थिति में अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक स्थल की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
75 जनपदों में राष्ट्रनायकों की प्रतिमा की हुई सफाई श्रावस्ती के ग्राम पंचायत सहेनिया में भी सरकार के आह्वान पर आमजन व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई की। हापुड़, अलीगढ़, अमेठी, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, गाजीपुर, आगरा, महराजगंज, बलरामपुर, नगर निगम फिरोजाबाद, मुरादाबाद, गोंडा के अंबेडकर चौराहा, बहराइच, इटावा, बाराबंकी, सोनभद्र, हमीरपुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, मुजफ्फरनगर, कन्नौज समेत सभी 75 जनपदों में भी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व अन्य राष्ट्रनायकों की प्रतिमा की साफ-सफाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन