इतिहास के पन्नों में 06 मार्चः जब चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री पद से दे दिया था इस्तीफा
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

कद्दावर समाजवादी नेता चंद्रशेखर ने आज ही के दिन 6 मार्च 1991 को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।विश्वनाथ प्रताप सिंह के बाद चंद्रशेखर कांग्रेस के समर्थन से देश के 9वें प्रधानमंत्री बने और इस पद पर 7 महीने तक रहे। उनसे पहले छोटा कार्यकाल सिर्फ चौधरी चरण सिंह का रहा था।
युवा तुर्क के नाम से मशहूर चंद्रशेखर की अगुवाई वाली सरकार के बारे में कहा जाता है कि जासूसी के आरोपों के चलते यह सरकार गिराई गई।सच्चाई यह थी कि सरकार में जब कांग्रेस का हस्तक्षेप बढ़ने लगा तो उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों दलों के रिश्ते असहज होने शुरू हो गए। लिहाजा, कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि चंद्रशेखर ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जासूसी कराई। इन्हीं आरोपों के चलते कांग्रेस नेतृत्व ने चंद्रशेखर सरकार से समर्थन वापस ले लिया। जैसे ही सरकार अल्पमत में आई तो चंद्रशेखर ने बिना देरी किए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
चंद्रशेखर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अपने छात्र जीवन के दौरान ही समाजवादी विचारधारा से प्रभावित थे। आगे चलकर वह 1977 से 1988 तक जनता पार्टी के अध्यक्ष रहे थे। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के इब्राहिमपट्टी गांव में एक किसान परिवार में जन्मे चंद्रशेखर ने 10 नवंबर, 1990 से 21 जून, 1991 तक की अल्प अवधि के लिए प्रधानमंत्री पद संभाला। उन्होंने इस्तीफा 6 मार्च 1991 को ही दे दिया था लेकिन उन्हें अगली व्यवस्था होने तक इस पद पर बने रहने का दायित्व सौंपा गया था। 8 जुलाई 2007 को लंबी बीमारी के बाद चंद्रशेखर का दिल्ली में निधन हो गया था।
अन्य अहम घटनाएंः
1944 - द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिका ने मित्र देशों के साथ मिलकर बर्लिन पर भारी बमबारी की। इससे हुए नुकसान से जर्मनी नहीं उबर सका। करीब एक साल बाद उसने हार मान ली।
1953 - जोसेफ स्टालिन का 74 वर्ष की आयु में निधन।
1967 - जोसेफ़ स्टालिन की बेटी स्वेतलाना भारत स्थित रूसी दूतावास से होते हुए अमेरिका पहुँची।
1971 - सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया जिसकी दोनों पारियों में अर्धशतक बनाए।
1996 - ईराक ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत 'खाद्य के लिये तेल योजना'को स्वीकार किया।
-आयरिश रिपब्लिक आर्मी ने त्वरित युद्ध विराम नकारते हुए ब्रिटेन के साथ 25 साल तक युद्ध की घोषणा की।
2001 - फिजी में महेन्द्र चौधरी के ख़िलाफ़ पार्टी में विद्रोह की स्थिति।
2003 - अल्जीरिया का एक विमान तामारासेट में दुर्घटनाग्रस्त,102 से भी अधिक यात्री मरे।
2004 - उत्तर कोरिया का यूरेनियम आधारित कार्यक्रम होने से फिर इनकार।
2008 - पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ़ ने सबरजीत की दया याचिका खारिज की।
2009- भारतीय वायुसेना को तीन दशक तक सेवाएँ देने के बाद स्किंग-विंग लड़ाकू विमान मिग-23 ने अन्तिम उड़ान भरी।
2018- कॉनराड संगमा ने मेघालय के 12वें मुख्यमन्त्री के रूप में शपथ ली।
जन्म
1992 - फवाद मिर्ज़ा - भारतीय घुड़सवार हैं।
1945 - सैयद अहमद - भारतीय राजनीतिज्ञ, लेखक और कांग्रेस के सदस्य थे।
1944 - रामशरण जोशी - भारतीय पत्रकार, सम्पादक, मीडिया के अध्यापक और समाजविज्ञानी हैं।
1936 - रामलाल बरेठ - प्रसिद्ध कत्थक नर्तक जो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ ज़िले (बिलासपुर संभाग) से हैं।
1921 - होकिशे सेमा - नागालैंड के तीसरे मुख्यमंत्री थे।
निधन
1892 - अम्बिका चक्रवर्ती- प्रसिद्ध क्रान्तिकारी और नेता।
1950 - सच्चिदानन्द सिन्हा - भारत के प्रसिद्ध सांसद,शिक्षाविद,अधिवक्ता तथा पत्रकार थे।
1995 - मोटूरि सत्यनारायण - दक्षिण भारत में हिन्दी के प्रचार आन्दोलन के संगठक।
2015 - रामसुंदर दास - भारतीय राजनीतिज्ञ और बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे।
2018 - सिम्मी - प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश