इतिहास के पन्नों में 12 अक्टूबरः शरीफ का तख्तापलट कर मुशर्रफ ने खुद संभाल ली थी देश की कमान

पाकिस्तान के राजनीतिक इतिहास में 12 अक्टूबर 1999 एक और तारीख है जब एक सैन्य अफसर ने तत्कालीन नवाज शरीफ सरकार का तख्तापलट कर खुद देश की कमान संभाल ली। इस सैन्य तानाशाह का नाम था- जनरल परवेज मुशर्रफ। नवाज शरीफ ने ही जनरल परवेज मुशर्रफ को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बनाया था।

तख्तापलट से कुछ घंटे पहले नवाज पर श्रीलंका से आ रहे मुशर्रफ के विमान के अपहरण और आतंकवाद फैलाने का आरोप लगा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें परिवार के 40 सदस्यों के साथ सऊदी अरब निर्वासित कर दिया गया था।

घटनाक्रम यह था कि जनरल परवेज मुशर्रफ श्रीलंका में थे। इसी दौरान नवाज शरीफ ने उन्हें सेनाध्यक्ष के पद से हटा कर जनरल अजीज को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बना दिया। नवाज समझ नहीं पाए थे कि जनरल अजीज भी परवेज मुशर्रफ के ही वफादार हैं।

मुशर्रफ ने श्रीलंका से लौटते ही नवाज शरीफ सरकार का तख्तापलट कर दिया। रात 10 बजकर 15 मिनट पर सरकारी चैनलों पर नवाज शरीफ सरकार की बर्खास्तगी का ऐलान कर दिया गया। नवाज और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अगली सुबह जनरल मुशर्रफ ने राष्ट्र के नाम संबोधन में खुद को सैन्य शासक घोषित कर दिया। तख्तापलट का यह पूरा घटनाक्रम करीब 17 घंटे का था जिस दौरान पाकिस्तान में सरकार की सूरत बदल गई।

अन्य अहम घटनाएंः

1860- ब्रिटेन और फ्रांस की सेना ने चीन की राजधानी बीजिंग पर कब्जा जमाया।

1992- मिस्त्र की राजधानी काहिरा में भूकंप से करीब 510 लोगों की मौत।

1997- अल्जीरिया के सिदी दाउद में 43 लोगों का नरसंहार।

1999- पाकिस्तान में सैन्य तख्तापलट के बाद जनरल परवेज मुशर्रफ़ सत्ता पर काबिज।

2000- अंतरिक्ष यान 'डिस्कवरी'फ़्लोरिडा से अंतरिक्ष में प्रक्षेपित।

2001- संयुक्त राष्ट्र और उसके महासचिव कोफी अन्नान को संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा।

2002- यूरोपीय पर्यवेक्षकों ने पाकिस्तान में सम्पन्न चुनावों में धांधली का आरोप लगाया।

2004- पाकिस्तान ने गौरी-1 मिसाइल का परीक्षण किया।

2007- अमेरिका के पूर्व उपराष्ट्रपति अलगोर व संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय को संयुक्त रूप से वर्ष 2007 का नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया गया।

2008- रायबरेली के लालगंज में रेल कोच फैक्ट्री के लिए तीन माह पहले दी गई लगभग पाँच सौ एकड़ ज़मीन उत्तर प्रदेश सरकार ने वापस ली।

2013- वियतनाम की पटाखा फैक्ट्री में बम धमाके से 15 लोगों की मौत।

2014- इवो मोरालेस दोबारा बोलीविया के राष्ट्रपति चुने गए।

जन्म

1864-कामिनी राय- प्रमुख बंगाली कवि,सामाजिक कार्यकर्ता और नारीवादी महिला थीं।

1888-पेरीन बेन- पहले क्रांतिकारी और बाद में गाँधीजी की अनुयायी थीं।

1894-अकबर हयद्री- भारतीय सिविल सेवक और राजनीतिज्ञ।

1908-आत्माराम- प्रसिद्ध वैज्ञानिक।

1911- विजय मर्चेन्ट- डॉन ब्रैडमैन के जमाने के महान भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी थे।

1919- विजयाराजे सिंधिया- भाजपा की वरिष्ठ नेता रहीं।

1935- शिवराज पाटिल- प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ,पंजाब के राज्यपाल,पूर्व लोकसभा अध्यक्ष

1938- निदा फ़ाज़ली- प्रसिद्ध उर्दू शायर और गीतकार।

1943- शिवनाथ मिश्रा- भारत के प्रसिद्ध सितार वादक हैं।

निधन

1993- पी. वेंकटसुब्बैया- बिहार और कर्नाटक के राज्यपाल रहे।

1967- डॉ. राममनोहर लोहिया- भारतीय स्वतंत्रता सेनानी।

महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

विश्व डाक दिवस (सप्ताह)

राष्ट्रीय विधिक सहायता दिवस (सप्ताह)

कोलम्बस दिवस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

   

सम्बंधित खबर