आइएनटीटीयूसी नेता जबरन वसूली मामलें में गिरफ्तार

कोलकाता, 18 मई (हि.स.)।

आसनसोल शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर दुकान लगाने वालों से हफ्ता वसूली और टोटो-ई रिक्शा चालकों से ‘दादा टैक्स’ के नाम पर प्रतिदिन पैसे वसूलने के आरोप में एक बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में सुकांतो मैदान इलाके के निवासी छोटू रावत ने आसनसोल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मोहम्मद नसीम अंसारी, मोहम्मद टाकिर, मोहम्मद लालू, मोहम्मद अजीज, गौतम दास, अमर नंदी, गुल्लू, विश्वजीत राय और राजू उर्फ अहलूवालिया को नामजद आरोपी बनाया है। इस मामले में केस संख्या 188/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(2), 61(2A) और 3(5) के तहत प्राथमिकी की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आइएनटीटीयूसी नेता राजू अहलूवालिया को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि आसनसोल शहर में सरकारी जमीनों पर सड़क किनारे सैकड़ों अवैध दुकानें बनी हुई हैं। आसनसोल नगर निगम लंबे समय से इन्हें हटाने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाया है। खासकर हॉटन रोड इलाके को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पिछले तीन वर्षों में कई बार प्रयास किए गए। चार बार कार्रवाई के लिए मार्किंग भी की गई, लेकिन हर बार अभियान विफल रहा।

बताया जा रहा है कि इन अवैध दुकानों से नियमित रूप से हफ्ता वसूली की जाती थी। सिर्फ दुकानदार ही नहीं, बल्कि अवैध रूप से चल रहे टोटो चालकों से भी ‘दादा टैक्स’ के नाम पर रोजाना पैसे लिए जाते थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अब इस पूरे मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर