सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण कार्यों की प्रगति की डीसी ने की समीक्षा
- Neha Gupta
- Jul 08, 2026

कठुआ 08 जुलाई । उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने जिला में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत चलाए जा रहे विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में मुख्य योजना अधिकारी रणजीत ठाकुर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर हाइड्रोलिक सर्कल कठुआ, विभिन्न डिवीजनों के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने एसएएससीआई, यूटी कैपेक्स तथा सीडीएस सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही प्रगति का आकलन करते हुए लंबित व नव स्वीकृत परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई और समय पर कार्य पूर्ण करने में आ रही बाधाओं की पहचान की गई। उपायुक्त ने कुछ परियोजनाओं में कार्य की धीमी गति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने हेतु गति तेज की जाए। उन्होंने सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कार्य निष्पादन में दक्षता बढ़ाने और अनावश्यक देरी से बचने को कहा। गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य स्वीकृत मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो ठेकेदार निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करेंगे या कार्य की गुणवत्ता से समझौता करेंगे उनके विरुद्ध नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई यहां तक कि ब्लैकलिस्टिंग भी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और तय समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------

