शिव धाम छन्न अरोड़ियां में अमरनाथ यात्रा पड़ाव व पंजीकरण केंद्र बहाल करने की मांग तेज

Demand intensifies to restore the Amarnath Yatra stopover and registration center at Shiv Dham Chhann Arorian.


कठुआ, 04 जुलाई । पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने शिव धाम छन्न अरोड़ियां कठुआ में श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आधिकारिक पंजीकरण केंद्र खोलने तथा यात्रा काफिलों का पड़ाव पुनः शुरू करने की जोरदार मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा एवं केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की।

मीडिया से बातचीत में सुभाष गुप्ता ने कहा कि बाबा बर्फानी सेवा मंडल पिछले 24 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की निस्वार्थ सेवा कर रहा है। शिव धाम स्थित लंगर स्थल एक प्रमुख सेवा केंद्र बन चुका है जहां करीब 1,000 यात्रियों के ठहरने, स्नान व स्वच्छता की समुचित व्यवस्था के साथ एक समय में 1,000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां 24 घंटे मुफ्त चिकित्सा शिविर संचालित हो रहा है जहां दवाइयों सहित प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। साथ ही पर्याप्त पार्किंग और सीसीटीवी निगरानी के जरिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में अमरनाथ यात्रा के काफिले शिव धाम में रुकते थे जिससे हजारों श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलता था। लेकिन इस वर्ष काफिले बिना रुके सीधे जम्मू की ओर जा रहे हैं जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिव धाम छन्न अरोड़ियां में काफिलों का पड़ाव दोबारा शुरू किया जाए। साथ ही यहां पंजीकरण केंद्र स्थापित करने से जम्मू के केंद्रों पर भीड़ कम होगी और यात्रा प्रबंधन अधिक सुचारु बनेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर