वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु सहायता राशि भेंट की
- Neha Gupta
- Jun 20, 2026

जम्मू, 20 जून । केंद्रीय सरकारी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जम्मू के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को वृद्ध आश्रम अम्फल्ला का दौरा कर वहां के निवासियों से मुलाकात की और उनके कल्याण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक जम्मू-कश्मीर कुलदीप खुदा कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान आश्रम के अध्यक्ष इंजी. पंकज गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता ने आश्रम की गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर पूर्व डीजीपी डॉ. अशोक भान ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में कुलदीप खुदा ने आश्रम द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए समाज से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। एसोसिएशन ने आश्रम के निवासियों के कल्याण के लिए 11,000 रूपये की सहायता राशि भेंट की जबकि कुलदीप खुदा ने व्यक्तिगत रूप से 5,000 रूपये का योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में आश्रम प्रबंधन द्वारा प्रतिनिधिमंडल को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ समारोह का समापन हुआ।

