यमुनानगर: नशे में धुत्त चालक ने पुलिस कर्मियों पर चढ़ाई कार,दो घायल
- Admin Admin
- Feb 11, 2025
![](/Content/PostImages/dc4b23a34ea4f02c7363cc17187e17e2_1461825199.jpg)
यमुनानगर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। नशे की हालत में एक कार सवार युवक ने बिलासपुर थाने के एक पुलिसकर्मी व एक होमगार्ड जवान को जान से मारने की नीयत से कार से तेजी से टक्कर मारकर घायल कर दिया और मौके से कार समेत फरार हुआ। थाना प्रभारी ने तुरंत कार का पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल कर्मचारियों को नागरिक अस्पताल जगाधरी में दाखिल करने के बाद निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की पहचान जगदीप सिंह निवासी कपूरी खुर्द के नाम से हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बिलासपुर थाना के प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि सोमवार की रात को थाने के अंदर एक कार चालक नशे की हालत में बड़ी तीव्र गति से आया और उसने कार थाने के अंदर लगा दी। जिस पर पुलिस कर्मचारियों के द्वारा उसे कार थाने के बाहर खड़ी करने के लिए कहा गया। इसके बाद थाने के गेट पर खड़े पुलिस कर्मचारी ईश्वर सिंह व होमगार्ड जयचंद को तीव्र गति से कुचलने की नीयत से टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया।
इस घटना से थाने के अंदर और आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। थाना प्रभारी के अनुसार वह जब आरोपी का पीछा कर रहे थे तो सढ़ौरा मोड़ के पास आरोपी ने उनकी गाड़ी को भी टक्कर मारी। इसके बाद इस आरोपी को गांव कपूरी खुर्द के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जगदीप सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आज कोर्ट में पेश कर इसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं घायल पुलिसकर्मी व होमगार्ड का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग