श्रीनगर के सोपोर में ड्रग तस्कर की 1.23 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

श्रीनगर, 13 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के सोपोर में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार और कुख्यात ड्रग तस्कर की 1.23 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अचल संपत्ति जब्त कर दी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 68F के तहत की गई। जब्त की गई संपत्तियों में दो मंजिला आवासीय मकान तथा 1 कनाल 10 मरला (करीब 8,150 वर्ग फुट) भूमि शामिल है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1.23 करोड़ रुपये से अधिक है।

पुलिस के मुताबिक, यह संपत्ति मोहम्मद अशरफ मीर उर्फ आशु, निवासी जामिया कदीम, सोपोर, की है, जो वर्तमान में क्रांकशिवन कॉलोनी, सोपोर में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ ह्यू एंड क्राई (Hue and Cry) नोटिस भी जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

   

सम्बंधित खबर