नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर सोमवार को अपनी चार दिन की विदेश यात्रा के पहले चरण में मंगोलिया पहुंचे, जहां उनका स्वागत मंगोलियाई विदेश सचिव मुनक्तुशिग इल्खानाजव ने किया।
विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि मंगोलिया पहुंचकर खुशी हुई। मंगोलियाई विदेश सचिव मुनक्तुशिग इल्खानाजव द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार। उन्होंने कहा कि विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक संवाद की प्रतीक्षा है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि डॉ. जयशंकर 22 और 23 जून को मंगोलिया की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे मंगोलियाई नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपनी समकक्ष विदेश मंत्री बी बटसेत्सेग के साथ बातचीत करेंगे।
इसके बाद विदेश मंत्री 24 और 25 जून को दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे। वहां वे विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ बातचीत करेंगे और 25 जून को जेजू में आयोजित ‘शांति और समृद्धि के लिए जेजू फोरम’ में मुख्य भाषण देंगे।
---------------

