कोर्ट परिसर में तृणमूल पार्षद देबराज चक्रवर्ती पर अंडे फेंके गए

कोलकाता, 02 जुलाई (हि. स.)। जबरन वसूली सहित उनके खिलाफ लगे अन्य आरोपों में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस पार्षद देबराज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को अदालत में पेशी के लिए लाए जाने के दौरान कोर्ट परिसर में विरोध प्रदर्शन और हंगामे का माहौल देखने को मिला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनकी ओर अंडे फेंके। हालांकि अंडे सीधे देबराज चक्रवर्ती को नहीं लगे, लेकिन पुलिस की गाड़ी और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की वर्दी पर जाकर गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देबराज चक्रवर्ती को जब कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत परिसर में लाया जा रहा था, तभी अचानक कुछ लोगों ने उनकी ओर अंडे फेंकने शुरू कर दिए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया। इस बीच देबराज चक्रवर्ती सिर पर हेलमेट पहनकर तेजी से अदालत के भीतर चले गए।

घटना के कारण कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर हालात पर नियंत्रण पाया और पार्षद को सुरक्षित अदालत कक्ष तक पहुंचाया। मामले के बाद अदालत परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और अंडे फेंकने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक तनाव को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर