देवरिया में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा के लिए रोजगार मेला, 32 अभ्यर्थियों का चयन
- DSS Admin
- May 28, 2026

देवरिया, 28 मई (हि.स.) । स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के संचालन के लिए 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा में भर्ती हेतु रोजगार मेले का आयोजन शहर के महाराजा अग्रसेन कॉमर्स कॉलेज में किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। कुल 122 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 32 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। भर्ती प्रक्रिया 31 मई तक जारी रहेगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) एवं एम्बुलेंस चालक (पायलट) पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। ईएमटी पद के लिए चयनित अभ्यर्थी आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए उन्हें सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
ईएमटी पद के लिए इंटरमीडिएट (बायोलॉजी) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा किसी भी विषय में स्नातक, एएनएम, जीएनएम, पीटीटी, बी-फार्मा अथवा 2 से 3 वर्षीय हेल्थकेयर संबंधित डिप्लोमा या डिग्री धारक अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। ईएमटी पद हेतु साक्षात्कार 28 एवं 29 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ कॉमर्स, देवरिया (मेडिकल कॉलेज के पास) में आयोजित किए जा रहे हैं।
वहीं एम्बुलेंस चालक (पायलट) पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस (एलएमवी/कमर्शियल/एचएमवी) एवं न्यूनतम तीन वर्ष का ड्राइविंग अनुभव होना जरूरी है। चालक पद के लिए भी आयु सीमा 21 से 35 वर्ष तय की गई है। पायलट पद हेतु साक्षात्कार 30 एवं 31 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ कॉमर्स, देवरिया में आयोजित किया जाएगा।
यह भर्ती प्रक्रिया 108 ईएमटीएस एवं 102 एमसीएस सरकारी एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन के लिए निजी संस्था के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों हेतु की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति संस्था की मानव संसाधन नियमावली के अनुसार की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित मूल दस्तावेज एवं छायाप्रति के साथ साक्षात्कार में शामिल हों।

