शिमला : सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

शिमला, 21 मई (हि.स.)। जिला शिमला में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को रोकने के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में निवारक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों युवकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार कर पुलिस हवालात में बंद किया है।

पहला मामला शिमला जिले के ज्यूरी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 20 मई को पुलिस चौकी ज्यूरी को सूचना मिली थी कि एक युवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई और हुड़दंग कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां युवक सार्वजनिक रूप से हंगामा करता मिला। पुलिस का कहना है कि स्थिति को देखते हुए शांति भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका थी। इसके बाद युवक को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल जांच करवाने के बाद उसे पुलिस हवालात में रखा गया है और अब उसे नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी के सामने पेश किया जाएगा।

दूसरा मामला पुलिस थाना सदर शिमला का है। पुलिस के मुताबिक वीरवार को एक युवक नशे की हालत में थाना परिसर पहुंचा था। वहां उसने पुलिस कर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार करने लगा। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर गई, जहां जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में भी युवक ने डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और शोर-शराबा करता रहा।

पुलिस के अनुसार युवक को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उसका व्यवहार लगातार आक्रामक बना रहा। पुलिस का कहना है कि वह खुद और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा था। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर पुलिस हवालात में बंद कर दिया गया।

जिला शिमला पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में अभद्र व्यवहार और शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर