फरीदाबाद : पंकज पूजन रामपाल व सोहनपाल छोकर बने भाजपा के जिलाध्यक्ष

फरीदाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद में भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। इस बार दो नए चेहरों को जगह दी गई है। फरीदाबाद के लिए पंकज पूजन रामपाल और बल्लभगढ़ के लिए सोहनपाल छोकर को जिम्मेदारी दी गई है। सोहनपाल छोकर मूल रूप से बल्लभगढ़ विधानसभा के गांव सीकरी के रहने वाले है। पिछले काफी लंबे समय से वह राजनीति में सक्रिय हैं। इनका परिवार संघ से भी जुड़ा रहा है। सोहनपाल छोकर 2019 में पृथला विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा। 2019 का चुनाव लडऩे से पहले वह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष थे। 2019 में विधानसभा का चुनाव हारने के बाद उनको भाजपा ने महामंत्री बना दिया था। भाजपा द्वारा अब उनको बल्लभगढ़ विधानसभा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं फरीदाबाद के लिए भाजपा ने पंकज रामपाल को जिला अध्यक्ष बनाया है। पंकज पूजन रामपाल को पहली बार जिला अध्यक्ष बनाया गया है, इससे पहले वह जिला भाजपा के उपाध्यक्ष थे, पहली बार उनको पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा की जगह दी गई है। निकाय चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा ने नये चेहरों को मौका दिया है। पंकज रामपाल पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सचिव अजय गौड के करीबी हैं। बल्लभगढ़ में पहली बार जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह यही है कि भविष्य में बल्लभगढ़ को नया जिला बनाए जाने की घोषणा की जा सकती है। जिसको लेकर भाजपा अभी से तैयारी कर रही है। दो जिला अध्यक्ष के बन जाने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में आपसी समन्वय बरकरार रखने की रणनीति भाजपा के द्वारा तैयार की गई है। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में बनाए गए दोनों जिला अध्यक्ष केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर गुट के हैं। केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ही सोहनपाल छौंकर को 2019 में भाजपा से विधानसभा की टिकट दिलाई थी। लेकिन सोहनपाल छौंकर को हार का सामना करना पड़ा था, इसके अलावा पंकज पूजन रामपाल भी केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के ही गुट से आते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर